
अहेरीपुर/इटावा। बकेवर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम निवाड़ी कलां में शनिवार दोपहर लुधियानी रोड पर स्थित आरसीआरडी स्कूल के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

जानकारी के अनुसार, निवाड़ी कलां निवासी राजेश शाक्य भर्थना से बाजार कर अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह लुधियानी रोड पर आरसीआरडी स्कूल के पास पहुंचे, सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

दूसरी बाइक सवार की पहचान बकेवर थाना क्षेत्र के ग्राम टड़वा काछियान निवासी नितिन पुत्र अशोक शाक्य के रूप में हुई। हादसे में नितिन का पैर टूट गया तथा सिर में चोटें आईं। वहीं राजेश शाक्य के पैर और सीने में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों के स्वजन को सूचना दी। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस द्वारा उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।










