बहराइच में नगर पालिका की EO प्रमिता सिंह की गाड़ी के सामने एक दुकानदार के लेटकर हंगामा करने का मामला सामने आया है।
घटना शहर के चांदपुरा चौराहे की बताई जा रही है। दुकानदार ने नगर पालिका के एक इंस्पेक्टर पर रिश्वत मांगने और पैसे नहीं देने पर दुकान उजाड़ने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।
दुकानदार का आरोप है कि उससे 5,000 रुपये की मांग की गई थी। रकम नहीं दे पाने के कारण उसकी दुकान उजाड़ दी गई। इसी कार्रवाई से नाराज होकर दुकानदार EO प्रमिता सिंह की गाड़ी के सामने लेट गया और विरोध जताने लगा।
घटना के बाद मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई। दुकानदार द्वारा लगाए गए रिश्वतखोरी के आरोपों ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल मामले में संबंधित अधिकारियों का पक्ष और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि सामने आना बाकी है।














