अमेठी: दण्डेश्वर नाथ धाम में गोमती तट पर गंगा आरती और दीपोत्सव, दीपदान कर दिया नदी संरक्षण का संदेश
अमेठी। गंगा उत्सव के अवसर पर मुसाफिरखाना स्थित दण्डेश्वर नाथ धाम में गोमती नदी के तट पर गंगा आरती, दीपदान और दीपोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से श्रद्धालुओं और उपस्थित लोगों को नदियों के संरक्षण, स्वच्छता और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति जागरूक किया गया।
आयोजन के दौरान गोमती नदी के घाट पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए और आरती के माध्यम से नदी के प्रति श्रद्धा व्यक्त की गई। कार्यक्रम में घाट और उसके आसपास स्वच्छता अभियान भी चलाया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।

इस दौरान जे.एन. पब्लिक स्कूल मुसाफिरखाना के छात्र-छात्राओं के साथ वन विभाग और पंचायतीराज विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज त्यागी ने बताया कि गंगा उत्सव का मुख्य उद्देश्य नदियों के संरक्षण, स्वच्छता और जनसहभागिता को बढ़ावा देना है। उन्होंने आमजन से नदियों एवं जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि नदियों की स्वच्छता और संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है।
रिपोर्ट: विष्णु प्रताप सिंह, भारत टीवी न्यूज़ अमेठी













