इटावा। आगामी त्योहारों के मद्देनजर इटावा पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क हो गई है। जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम जनता को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के लिए एसपी सिटी बबीता सिंह और सीओ सिटी अवनीश कुमार सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ थाना कोतवाली क्षेत्र में पैदल गश्त की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में अधिकारियों ने सर्राफा मार्केट और बर्तन मार्केट सहित संवेदनशील एवं व्यस्त इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय दुकानदारों, व्यापारियों और आम नागरिकों से संवाद स्थापित किया।
अधिकारियों ने लोगों से त्योहारों के दौरान शांति, आपसी सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने की अपील की। साथ ही नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
बाजारों में बढ़ती भीड़ और आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों के दौरान खरीदारों और राहगीरों को किसी प्रकार की असुविधा से बचाना है।

इटावा पुलिस ने स्पष्ट किया कि आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए शहर के प्रमुख चौराहों और बाजारों में लगातार गश्त एवं निगरानी जारी रहेगी।
रिपोर्ट: जिला संवाददाता इक़बाल अहमद, भारत टीवी न्यूज़ इटावा














