इटावा। महेवा ब्लॉक क्षेत्र के अहेरीपुर स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. पंकज कटियार ने मौसम के बदलते हालात को देखते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की है।

डॉ. कटियार ने बताया कि इन दिनों अचानक मौसम में हो रहे बदलाव की वजह से कई प्रकार की संक्रामक व मौसमी बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ गया है। बुखार, डेंगू, मलेरिया, सर्दी-जुकाम और पेट से जुड़ी परेशानियों के मामले स्वास्थ्य केंद्र पर लगातार पहुंच रहे हैं।
उन्होंने कहा कि लोग अक्सर लापरवाही बरतते हैं और बुखार या अन्य लक्षणों में खुद से दवाई लेना शुरू कर देते हैं, जो आगे चलकर बड़ी परेशानी का कारण बन सकता है।
डॉ. कटियार ने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में तेज बुखार आने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या योग्य चिकित्सक से ही संपर्क करें।
👉 बचाव ही सबसे बड़ा उपाय
डॉ. कटियार ने ग्रामीणों को सलाह दी कि –
घर में पानी हमेशा ढककर रखें।
घर व आसपास गंदगी और गड्ढ़ों में पानी जमा न होने दें।
मच्छरों से बचाव के लिए रात में मच्छरदानी का प्रयोग करें।
बुखार आने पर गुनगुना पानी पीएं और आराम करें।
खुद से दवाई न खाएं, डॉक्टर की सलाह अनिवार्य रूप से लें।
उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी और स्वच्छता से बड़ी बीमारियों से बचा जा सकता है। मौसम की मार से निपटने के लिए सामूहिक प्रयास और जागरूकता जरूरी है।













