भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
बलरामपुर, 26 नवम्बर 2025/
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 (एसआईआर) का कार्य लगातार प्रगति पर है। जिला बलरामपुर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कटारा के मार्गदर्शन में बीएलओ घर-घर पहुंचकर गणना पत्रक भरने और उसका ऑनलाइन डिजिटाइजेशन कार्य कर रहे हैं।
इसी क्रम में कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने एसआईआर कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन बीएलओ एवं तीन अविहित अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
सामरी विधानसभा क्षेत्र के मतदान केन्द्र क्रमांक 142, गजाधरपुर (क) की बीएलओ कंचन पैकरा एवं अविहित अधिकारी सुषमा, तथा मतदान केन्द्र क्रमांक 141, गजाधरपुर की बीएलओ भोजपती पैकरा एवं अविहित अधिकारी सुमन भगत पैकरा को गणना पत्रकों के सुचारू डिजिटाइजेशन के लिए सम्मान मिला।
वहीं रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र के मतदान केन्द्र क्रमांक 245, तरकाखाड़ की बीएलओ शांति यादव एवं अविहित अधिकारी संजय कुमार मिंज को भी उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने सभी सम्मानित अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई देते हुए अन्य बीएलओ को भी तत्परता और गुणवत्ता के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।














