मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में 154 जोड़ों की हुई शादी
वर वधु को आशीर्वाद देते डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल
इटावा। रामलीला मैदान में समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में जिले के 154 जोड़े वैदिक मंत्रों और विधि-विधान के साथ वैवाहिक जीवन में बंध गए। जिलाधिकारी ने आशीर्वाद, देकर योजना की जानकारी दी। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला ने सभी नवदंपतियों को आशीर्वाद और सफल वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत सरकार की ओर से प्रति जोड़े पर लगभग एक लाख रुपये का लाभ दिया जाता है। इस राशि का एक हिस्सा सीधे जोड़े के बैंक खाते में और शेष राशि का उपयोग उन्हें आवश्यक घरेलू सामान खरीदने के लिए किया जाता है। इसके अलावा, भोजन और समारोह की पूरी व्यवस्था सरकार द्वारा ही की गई थी। इस अवसर पर पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया, विधायक प्रतिनिधि हरिनारायण बाजपेई, जिला पंचायत सदस्य सचिन यादव और जिला अध्यक्ष व्यापार मंडल आलोक दीक्षित सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल पर सीओ सिटी अभय नारायण राय और शहर कोतवाल यशवंत सिंह के नेतृत्व में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। जिला समाज कल्याण अधिकारी संध्या रानी बघेल ने सहयोगियों और प्रतिभागियों को धन्यवाद देते हुए समारोह का समापन किया। समारोह न केवल एक सामाजिक कल्याणकारी योजना का सफल क्रियान्वयन था, बल्कि इसने 154 परिवारों को एक नई शुरुआत का उपहार देकर जिले में खुशिया बिखेर दीं।














