भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
बलरामपुर, 02 अगस्त 2025/ जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक में कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने आंगनबाड़ी व्यवस्था की बिगड़ती सूरत पर कड़ा रुख अपनाया। संयुक्त जिला कार्यालय भवन में आयोजित इस समीक्षा बैठक में उन्होंने विभागीय कार्यों की सेक्टरवार गहराई से समीक्षा कर जमकर फटकार लगाई और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया – “अब लापरवाही नहीं चलेगी!”

कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने.आंगनबाड़ी केन्द्रों के समयानुसार संचालन की सख्त हिदायत दी और कहा कि बच्चों की 100% उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मेन्यू के अनुसार पोषण आहार दिए जाने पर विशेष जोर देते हुए मातृत्व वंदन योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए। पोषण ट्रेकर अपडेट करो वरना जवाब दो – कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने बैठक मे पोषण ट्रेकर की अद्यतन जानकारी की समीक्षा करते हुए बच्चों की पोषण स्थिति तत्काल दर्ज करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुपोषण को नजरअंदाज करने वालों पर कार्रवाई तय है।
पहाड़ी कोरवा-पंडो इलाकों में जागरूकता फैलाओ – कलेक्टर का आदेश
कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने विशेष रूप से आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों जैसे पहाड़ी कोरवा और पंडो जनजातीय इलाकों में स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा के प्रति जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किशोरी बालिकाओं और महिलाओं को मौसमी बीमारियों से लेकर पोषण और स्वच्छता के प्रति सचेत करना होगा।

धीमी प्रगति पर नाराज हुए कलेक्टर – अधिकारियों को लगाई फटकार
बैठक के दौरान कुछ सेक्टरों में काम की धीमी रफ्तार देखकर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि “समय पर काम नहीं करने वालों की जवाबदेही तय की जाएगी।” सभी को निर्देशित किया गया कि नियमित मॉनिटरिंग कर जिले की रैंकिंग में सुधार लाएं। बैठक में डिप्टी कलेक्टर राजीव जेम्स कुजूर सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
अब देखना होगा कि कलेक्टर की सख्ती के बाद ज़मीनी हालातों में कितना सुधार आता है!














