
जिले में बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का जिलाधिकारी (डीएम) श्रवण कुमार सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से भ्रमण किया। इस दौरान अधिकारियों ने बाढ़ग्रस्त इलाकों में जाकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।

बाढ़ से बेहाल ग्रामीणों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन देते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को राहत कार्यों में और तेजी लाने के निर्देश दिए। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि राहत सामग्री की उचित और समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी परिवार को मदद से वंचित न रहने दिया जाए।
एसएसपी इटावा ने पुलिस प्रशासन को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने में तत्परता दिखाई जाए। पुलिस कर्मियों को गश्त बढ़ाने एवं आपात स्थितियों में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने को कहा गया।
इस दौरान अधिकारियों ने बाढ़ राहत शिविरों का निरीक्षण भी किया और वहां रह रहे लोगों से बातचीत कर आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने साफ-सफाई, भोजन, पेयजल, चिकित्सा आदि सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।
प्रशासन की इस सक्रियता से प्रभावित लोगों में राहत की उम्मीद जगी है। स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन की तत्परता की सराहना की।













