भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
बलरामपुर,04 दिसम्बर 2025। जिले में साइबर ठगी का नया मामला सामने आया है, जहाँ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के नाम और फोटो का उपयोग कर फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाया गया है। इस फर्जी आईडी से लोगों को संदेश भेजे जा रहे हैं।
कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने जिले की आम जनता से अपील की है कि वे +84349589853 जैसे किसी भी संदिग्ध या अनजान नंबर से आने वाले संदेशों पर बिल्कुल भी प्रतिक्रिया न दें। उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर साइबर अपराध है और ऐसे मामलों में सावधानी बरतना अत्यंत आवश्यक है।
कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि किसी व्यक्ति को फर्जी आईडी से संदेश या कॉल प्राप्त होता है, तो वे उसे तुरंत ब्लॉक करें एवं स्पैम के रूप में रिपोर्ट करें ताकि साइबर अपराधियों पर प्रभावी तरीके से कार्रवाई हो सके।
जिला प्रशासन ने नागरिकों को सचेत करते हुए कहा है कि आधिकारिक संचार केवल प्रमाणित सरकारी माध्यमों और अधिकृत नंबरों के द्वारा ही किए जाते हैं।














