भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
बलरामपुर, 30 जुलाई 2025/ महिलाओं में बढ़ते कैंसर मामलों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन एक महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रहा है। कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के निर्देशन और जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन में 2 एवं 3 अगस्त को जिला अस्पताल बलरामपुर में विशेष कैंसर जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
शिविर में हैदराबाद से आईं कैंसर विशेषज्ञ डॉ. एम. अपर्णा स्तन और गर्भाशय कैंसर की स्क्रीनिंग करेंगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बसंत कुमार सिंह ने बताया कि यह शिविर महिलाओं में होने वाले दो प्रमुख प्रकार के कैंसर — स्तन कैंसर और गर्भाशय कैंसर — की जांच और जागरूकता के उद्देश्य से आयोजित हो रहा है।

स्तन कैंसर के सामान्य लक्षण:-
स्तन में गांठ या सूजन
आकृति या आकार में बदलाव
त्वचा या निप्पल में असामान्य बदलाव
बगल में गांठ या दर्द
गर्भाशय कैंसर के लक्षण:-
अनियमित योनि रक्तस्राव
योनि स्राव में बदलाव
पेट के निचले हिस्से में लगातार दर्द
पैरों में सूजन
डॉ. सिंह ने अपील की है कि जिन महिलाओं में ये लक्षण दिखाई दे रहे हैं, वे शिविर में जरूर पहुंचें और मुफ्त जांच करवाएं। इसके लिए मरीजों का पूर्व में स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिन्हांकन किया जा चुका है, लेकिन जिन महिलाओं को उपरोक्त लक्षण महसूस हो रहे हैं, वे भी शिविर में आकर पंजीयन करवा सकती हैं।
अपने स्वास्थ्य को दीजिए प्राथमिकता और कैंसर के खिलाफ इस जंग में उठाइए एक अहम कदम!
तारीख: 2 और 3 अगस्त 2025
स्थान: जिला अस्पताल, बलरामपुर
विशेषज्ञ चिकित्सक: डॉ. एम. अपर्णा (हैदराबाद से)
कैंसर से डरें नहीं, समय पर जांच करवाएं — यही है जीवन रक्षा की असली कुंजी!














