भारत tv24×7न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
बलरामपुर,सनावल 30 जुलाई 2025/ बलरामपुर जिले के सनावल थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ शादी का झांसा देकर अपहरण और लगातार दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी अजय सिंह गोंड (उम्र 23 वर्ष), निवासी डूमर पान, छाता करम, थाना सनावल को पुलिस ने साइबर सेल की मदद से गिरफ्तार किया।
घटना का खुलासा उस वक्त हुआ जब पीड़िता ने थाने पहुंचकर बताया कि वह शादी के 15 दिन बाद अपने मायके में रह रही थी, तभी गांव का अजय सिंह उसके घर के पास स्थित किराना दुकान में अक्सर आने-जाने लगा। 20 जुलाई की शाम करीब 7 बजे जब पीड़िता सड़क किनारे खड़ी थी, तभी आरोपी मोटरसाइकिल से आया और शादी का झांसा देकर जबरन उसे बाइक में बिठाकर चूना पाथर के जंगल में ले गया, जहां उसने बलात्कार किया।

इतना ही नहीं, आरोपी पीड़िता को वाड्रफनगर के एक कमरे में ले जाकर चार दिनों तक बंधक बनाकर लगातार दुष्कर्म करता रहा और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देता रहा। इसके बाद वह फरार हो गया।
पीड़िता की शिकायत पर थाना सनावल में अपराध क्रमांक 42/2025 धारा 87, 69, 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सक्रिय हुई टीम ने साइबर सेल की मदद से आरोपी को उसके घर से दबोच लिया और वारदात में प्रयुक्त टीवीएस मोटरसाइकिल को भी जब्त किया।
इस कार्यवाही में उपनिरीक्षक गजपति मिर्रे थाना प्रभारी सनावल, साइबर सेल प्रभारी हिम्मत सिंह शेखावत, सहायक उपनिरीक्षक शिव कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक सुखदेव सिंह, आरक्षक कृष्णा सिंह मरकाम, अमृत सोनवानी, प्रवीण कुजूर, प्रेमलाल व महिला आरक्षक अस्वंति कुजूर की सराहनीय भूमिका रही।














