भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
बलरामपुर,12 नवम्बर 2025/ जिला बलरामपुर में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया 15 नवम्बर से शुरू होने जा रही है। इसी के मद्देनज़र प्रशासन ने अवैध धान के परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए कमर कस ली है।
कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के निर्देशन में पुलिस, राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम सक्रिय रूप से निगरानी कर रही है। विशेष रूप से झारखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी गई है, ताकि कोई भी बिचौलिया या व्यापारी अवैध रूप से धान का परिवहन न कर सके।

प्रशासनिक अमले द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों, नाका और चेक पोस्टों पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। अब तक संयुक्त टीम द्वारा 9662 बोरियों में 3865 क्विंटल अवैध धान और 06 वाहन जब्त किए गए हैं। यह कार्रवाई मंडी अधिनियम के तहत की गई है।
जिला बलरामपुर कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि धान खरीदी प्रारंभ होने से पहले ही हर स्तर पर सतर्कता बरती जाए और अवैध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

प्रशासन की अपील — दें अवैध गतिविधि की सूचना
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध धान के भंडारण या परिवहन की जानकारी मिले, तो तुरंत संबंधित अधिकारी को सूचित करें। शिकायतकर्ता की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।














