भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
बलरामपुर,चान्दो 22 दिसंबर 2025। थाना चांदों क्षेत्र में हुई एक सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामला अपराध क्रमांक 46/2025 धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत दर्ज किया गया है। प्रार्थी केयर सोनवानी पिता चरकु सोनवानी उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम घोड़सोत मड़वा, थाना चांदों ने थाने में उपस्थित होकर मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी ने बताया कि दिनांक 20 दिसंबर 2025 की रात लगभग 9 बजे उसके छोटे भाई सुरेश सोनवानी ने सूचना दी कि उसके भाई मेवालाल सोनवानी की मृत्यु हो गई है प्रार्थी के अनुसार घटना की दिनांक 16 दिसंबर 2025 की शाम की है, जब आरोपी बितन अगरिया पिता रिझू अगरिया उम्र 28 वर्ष,निवासी ग्राम सुखरी खाड़ मड़वा, थाना चांदों मृतक के घर गया था। इसी दौरान मृतक ने आरोपी की शर्ट की जेब से रुपये निकालकर गिनना शुरू कर दिया। इस बात से नाराज होकर आरोपी ने मृतक के साथ हाथ-मुक्कों और डंडे से सिर एवं आंख के ऊपर गंभीर वार किया, जिससे उसकी हालत बिगड़ती चली गई और 20 दिसंबर की रात उसकी मृत्यु हो गई।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना चांदों में मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। घटना की जानकारी तत्काल पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
चांदों पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बितन अगरिया को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके पश्चात आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।













