उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में बीती रात एक बड़ा ट्रेन हादसा टल गया। मुंबई से भागलपुर जा रही लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस मझगांवा-टिकरिया रेलवे स्टेशन के बीच अचानक दो हिस्सों में बंट गई। ट्रेन की कपलिंग टूटने से पीछे के तीन डिब्बे अलग हो गए। गनीमत रही कि उस समय ट्रेन की रफ्तार धीमी थी, जिससे किसी यात्री को चोट नहीं आई।
हादसा रात करीब 2:54 बजे हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे की टेक्निकल टीम मौके पर पहुंची और करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद डिब्बों को दोबारा जोड़ा गया। सुबह 7 बजे ट्रेन को दोबारा रवाना किया गया।
प्रारंभिक जांच में इस हादसे की मुख्य वजह तकनीकी खराबी बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त 200 से 250 यात्री अलग हुए डिब्बों में सवार थे। फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित हैं।
रेलवे प्रशासन सक्रिय 👇
झांसी मंडल के डीआरएम ने बताया कि हादसे की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस बीच, यात्रियों द्वारा हादसे के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वहीं, स्थानीय लोगों ने रेलवे से ट्रैक और कपलिंग सिस्टम की नियमित जांच की मांग की है, क्योंकि हाल ही में चित्रकूट क्षेत्र में कई ट्रेन हादसे हो चुके हैं।













