
अहेरीपुर। कस्बे में स्थित विद्या मंदिर शिक्षण संस्थान अहेरीपुर में बुधवार को वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में एक गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चौकी प्रभारी भगवान सिंह रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जिसके सहारे जीवन में ऊंचे मुकाम हासिल किए जा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और लक्ष्य निर्धारण का महत्व बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जैसे ही कक्षावार परीक्षा परिणाम घोषित किए गए, सफल छात्र-छात्राओं के चेहरों पर खुशी झलक उठी। विद्यालय प्रबंधन द्वारा कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य शिवम् अग्निहोत्री ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि निरंतर मेहनत और लगन से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कम अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी निराश न होकर आगे और मेहनत करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का समस्त स्टाफ, छात्र-छात्राएं, अभिभावक तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।











