अहेरीपुर में चला स्वास्थ्य विभाग का हंटर, फर्जी क्लीनिक पर बड़ी कार्रवाई

महेवा (इटावा)। महेवा ब्लॉक के ग्राम अहेरीपुर में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए एक फर्जी क्लीनिक पर छापामार निरीक्षण किया। सीएमओ डॉ. सत्येंद्र यादव जब स्थानीय चांदसी क्लिनिक पहुंचे तो वहां कई मरीज इलाज के लिए मौजूद मिले।
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि जिस नाम से क्लीनिक का रजिस्ट्रेशन कराया गया है, वह डॉक्टर मौके पर मौजूद नहीं मिला। जबकि क्लीनिक चलाने वाला व्यक्ति डॉ. अरुण कुमार विश्वास खुद मरीजों का इलाज कर रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि डॉ. अरुण कुमार विश्वास के अस्पताल को पहले भी तीन बार सील किया जा चुका है, लेकिन वह कथित तौर पर हर बार अपने प्रभाव के दम पर अस्पताल को फिर से खोल देता है और इलाज शुरू कर देता है।
क्लीनिक से अनेक प्रकार की एलोपैथिक दवाएं, इंजेक्शन और उपचार सामग्री भी बरामद हुई, जबकि मौके पर मौजूद संचालक के पास किसी मान्यता प्राप्त मेडिकल डिग्री होने का प्रमाण नहीं मिला।
सीएमओ का बयान
> “जिसके नाम से रजिस्ट्रेशन है वह डॉक्टर मौजूद नहीं था। बिना योग्यता इलाज करना अपराध है, जल्द कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
– डॉ. सत्येंद्र यादव, सीएमओ इटावा
अब सबकी नज़र इस पर है कि स्वास्थ्य विभाग फर्जी डॉक्टर अरुण कुमार विश्वास के खिलाफ क्या सख्त कदम उठाएगा।










