उत्तर प्रदेश के जौनपुर में तेज रफ्तार स्कूल वैन का कहर देखने को मिला। यहां स्कूली बच्चों से भरी एक वैन सड़क किनारे खड़ी स्कूल बस से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दुर्घटना में वैन में सवार दो मासूम बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोग मदद के लिए मौके पर पहुंच गए। पूरी दुर्घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सामने आने के बाद स्कूली वाहनों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। आखिर बच्चों को लेकर चलने वाले स्कूल वाहन कितने सुरक्षित हैं? क्या चालक यातायात नियमों और निर्धारित गति सीमा का पालन कर रहे हैं? इस हादसे ने एक बार फिर स्कूली बच्चों की सुरक्षा और वाहन चालकों की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।













