उत्तर प्रदेश के चित्रकूट से पुलिस विभाग की एक भावुक कर देने वाली तस्वीर सामने आई है। यहां थाना प्रभारी की विदाई के दौरान महिला कांस्टेबल अपने आंसू नहीं रोक पाईं और फूट-फूटकर रोने लगीं।
दरअसल, चित्रकूट के रैपुरा थाने में तैनात थाना प्रभारी राम सिंह का तबादला भरतकूप थाने में हो गया है। जब उनके पुराने थाने से विदाई का समय आया, तो वहां मौजूद पुलिसकर्मी भावुक हो गए।
इस दौरान एक महिला कांस्टेबल की आंखों से आंसू छलक पड़े। महिला कांस्टेबल को भावुक देखकर थाना प्रभारी राम सिंह ने उन्हें गले लगाया और भरोसा दिलाया कि कोई दिक्कत नहीं है, वहीं बुला लेंगे।
इसके बाद महिला कांस्टेबल ने माला पहनाकर थाना प्रभारी को विदाई दी। यह दृश्य अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। यह तस्वीर पुलिस विभाग में आपसी लगाव और अच्छे व्यवहार की मिसाल पेश करती है।














