कुसमी, बलरामपुर 04 मार्च 2026। होली के त्यौहार मे बलरामपुर जिले के नगर पंचायत कुसमी में सामरी रोड स्थित राजा गैस वेल्डिंग दुकान में उस समय अफरातफरी मच गई, जब गैस वेल्डिंग करने के दौरान उसी बोलेरो वाहन में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वेल्डिंग कार्य के दौरान अचानक चिंगारी भड़कने से वाहन में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी बोलेरो उसकी चपेट में आ गई। घटना से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आगजनी की इस घटना में वाहन पूरी तरह नष्ट हो गया है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
वहीं कुसमी पुलिस भी मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।