मैनपुरी: मंदिर में पूजा कर रही युवती को प्रेमी ने मारी चार गोलियां, हालत गंभीर
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जनपद से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहल्ला किला बजरिया स्थित रानी मंदिर में उस वक्त अफरातफरी मच गई जब पूजा कर रही एक युवती पर युवक ने ताबड़तोड़ चार गोलियां दाग दीं। गोली लगने से युवती गंभीर रूप से घायल हो गई जिसे प्राथमिक उपचार के बाद सैफई मेडिकल कॉलेज रैफर किया गया है।
घटना शनिवार सुबह की है जब युवती मंदिर में पूजा करने गई थी। तभी आरोपी राहुल दिवाकर मंदिर के अंदर घुसा और गेट बंद करके उस पर गोलियां चला दीं। बताया जा रहा है कि मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा है। दोनों के बीच पहले बातचीत होती थी, लेकिन किसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और आरोपी ने इस खौफनाक कदम को अंजाम दे डाला।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, वहीं स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल है।














