
महेवा ब्लॉक के ग्राम अहेरीपुर में कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। चौराहे पर शाम ढलते ही मंजर किसी शराबखाने जैसा हो जाता है। यहां दर्जनों शराबी इकट्ठा होकर खुलेआम जाम से जाम टकराते हैं।
ग्राम प्रधान ने ग्रामीणों की सुविधा के लिए चौराहे पर पानी का चिल्लर (ठंडे पानी की व्यवस्था) लगवाया था, लेकिन उसका दुरुपयोग शराबी कर रहे हैं। पानी पीने की बजाय वहीं बैठकर शराब पीना और अय्याशी करना रोज़ का सिलसिला बन गया है।
हैरानी की बात यह है कि यह सबकुछ पुलिस चौकी से महज़ कुछ ही दूरी पर हो रहा है। न पुलिस की मौजूदगी का डर है और न ही प्रशासन का खौफ़। आम ग्रामीणों का कहना है कि इस माहौल से बच्चों और महिलाओं का निकलना दूभर हो गया है।
गांववासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस खुलेआम शराबखोरी पर तुरंत रोक लगाई जाए, वरना स्थिति और बिगड़
सकती है।













