महेवा ब्लॉक के ग्राम अहेरीपुर में आज ग्रामवासियों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला। गांव की नई निश्चित राशन डीलर शबाना बेगम ने आज से राशन वितरण कार्य की शुरुआत की। इस अवसर पर ग्राम प्रधान संगीता वर्मा ने फीता काटकर शुभारंभ किया।
शुभारंभ के मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से शबाना बेगम का स्वागत किया। ग्राम प्रधान संगीता वर्मा ने कहा कि सरकार की मंशा है कि हर पात्र परिवार को समय से और पारदर्शिता के साथ राशन मिले। उन्होंने कहा कि शबाना बेगम ईमानदारी और जिम्मेदारी से कार्य करेंगी, जिससे किसी को भी किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
राशन डीलर शबाना बेगम ने बताया कि वह पूरी पारदर्शिता के साथ सभी पात्र लाभार्थियों को राशन वितरण करेंगी और कोई भी शिकायत का मौका नहीं देंगी। उन्होंने कहा कि गांव के हर व्यक्ति को उचित दर पर समय से राशन उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी।
कार्यक्रम में प्रधान प्रतिनिधि संजय वर्मा, ग्राम सचिव, और ग्राम पंचायत सहायक सहित अनेक सम्मानित ग्रामीण उपस्थित रहे। लोगों में नई राशन डीलर के चयन और वितरण कार्य के आरंभ को लेकर खुशी की लहर है।













