आगामी त्योहारी सीजन में शांति व कानून व्यवस्था सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने शहर में विशेष अभियान चलाया। इसी क्रम में शुक्रवार 03 अक्टूबर 2025 को इटावा शहर के मुख्य मार्गों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में फुट पेट्रोलिंग की गई।

इस दौरान एसएसपी इटावा, एसपी सिटी सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्वयं पैदल चलकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। फुट पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने आमजन से संवाद कर सुरक्षा को लेकर भरोसा दिलाया तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

त्योहारों पर अधिक भीड़ के चलते सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन विशेष रूप से अलर्ट है। संवेदनशील स्थलों और धार्मिक स्थलों के साथ-साथ प्रमुख बाजारों की भी सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया गया है। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी बढ़ाई गई है, साथ ही जगह-जगह पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है।

एसएसपी इटावा ने बताया कि शहर में अमन-चैन बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करने और चौकसी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
फुट पेट्रोलिंग अभियान से न केवल अपराधियों में भय का वातावरण बना है, बल्कि आमजन को भी सुरक्षा का भरोसा मिला है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी तरह की अफवाहों से दूर रहें।













