फिलीपींस के सेबू प्रांत के मांडुए शहर से इंसानियत और बेजुबान जानवरों के प्रति प्यार की मिसाल पेश करने वाला एक वीडियो सामने आया है। यहां एक तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। इमारत की तीसरी मंजिल पर फंसी महिला ने अपनी जान बचाने से पहले अपने दोनों पालतू कुत्तों को सुरक्षित निकालने का फैसला किया।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि चारों तरफ धुआं फैलने के बीच महिला बालकनी से एक-एक करके दोनों कुत्तों को नीचे खड़े लोगों की ओर छोड़ती है। नीचे मौजूद लोगों ने दोनों कुत्तों को सुरक्षित पकड़ लिया।
इसके बाद महिला ने दमकलकर्मियों की मदद से सीढ़ी के सहारे नीचे उतरकर अपनी जान बचाई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना 10 दिसंबर 2025 को बारंगे गुइजो इलाके में हुई थी। आग सुबह करीब 7 बजे लगी और 8:22 बजे तक बुझा दी गई। हादसे में करीब 20 लाख फिलीपीन पेसो की संपत्ति का नुकसान हुआ। महिला के साहस की दुनियाभर में सराहना हुई।














