
महेवा (इटावा)। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष आशुतोष दीक्षित को रविवार को जनपद इटावा के ग्राम निवाड़ी कला स्थित उनके आवास पर पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर दिया। जानकारी के अनुसार, पुलिस सुबह से ही उनके आवास के बाहर तैनात रही और उन्हें घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी गई।
बताया जा रहा है कि संभावित कार्यक्रम एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने यह कदम उठाया। हाउस अरेस्ट की सूचना मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिली। कार्यकर्ताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए प्रशासन के निर्णय पर सवाल उठाए।
वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई एहतियातन की गई है ताकि क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनी रहे। समाचार लिखे जाने तक आशुतोष दीक्षित अपने आवास पर ही मौजूद थे और पुलिस बल तैनात था।
मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। प्रशासन और कांग्रेस नेताओं की ओर से आगे क्या प्रतिक्रिया आती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।










