
थाना बकेवर क्षेत्र के ग्राम मुकुटपुर में शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे गौवंश का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही महेवा गौसेवक टीम मौके पर पहुंच गई और हंगामा शुरू हो गया। गौसेवकों ने पास में निर्माणाधीन कोल्ड स्टोर में कार्य कर रहे व वहीं रह रहे मजदूरों पर गौवंश को मारने का आरोप लगाया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।

मामले की सूचना पर बकेवर थाना प्रभारी विपिन मलिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। गौसेवक टीम के कार्यकर्ताओं का कहना था कि घटनास्थल की स्थिति से प्रतीत होता है कि गौवंश की हत्या की गई है, जबकि गांव के कुछ लोगों ने इसे सड़क दुर्घटना का मामला बताया।
घटनास्थल पर थाना प्रभारी विपिन मलिक ने गौसेवकों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और गौवंश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना की जानकारी मिलने पर भरथना क्षेत्राधिकारी रामबदन मौर्य और तहसीलदार दिलीप कुमार भी मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ग्रामीण श्रीशचंद्र ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पशु चिकित्सकों की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच में बताया कि शव को कुत्तों द्वारा नोचा गया है और प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी तथा उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कोल्ड स्टोर परिसर में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
इस दौरान गौसेवक सौरभ दुबे, गोलू दीक्षित, आशीष भदौरिया, गुलशन तिवारी, सागर तिवारी, जितेंद्र सेंगर सहित गौरक्षा दल के सैकड़ों कार्यकर्ता मौके पर मौजूद रहे।













