भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
बलरामपुर, 13 नवम्बर 2024/ कृषि विभाग द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के लिए धान की खरीदी की प्रक्रिया 14 नवम्बर से शुरू होने वाली है। कलेक्टर श्री रिमिजियुस एक्का ने जिले में अवैध धान के परिवहन और संग्रहण पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। इस संदर्भ में, उपार्जन केन्द्रों पर पंजीकृत किसानों से ही धान खरीदी की जाएगी। इसके अलावा, किसानों के लिए केन्द्रों में सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की बात भी की गई है।
कलेक्टर के निर्देश पर, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व वाड्रफनगर श्री चेतन साहू के मार्गदर्शन में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई की। तहसीलदार श्री ईश्वर चंद यादव के नेतृत्व में पिकअप वाहन क्रमांक यूपी 64 एटी 3697 में अवैध धान परिवहन करते हुए 53 बोरी धान के साथ पकड़ा गया। वाहन उत्तरप्रदेश के ग्राम भंवर के निवासी सुरेश आत्मज शोभाचन्द और अरविन्द आत्मज तुलसी का था।
यह वाहन ग्राम रमेशपुर में रोका गया, जहां जांच में अवैध धान पाया गया। आरोपी को वाहन सहित गिरफ्तार कर संबंधित थाने को सुपुर्द कर दिया गया। प्रशासन ने आगे की कार्रवाई करते हुए यह सुनिश्चित किया है कि अवैध धान के परिवहन को कड़ी से कड़ी सजा मिले।