भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
बलरामपुर, 06 नवम्बर 2025/ देशभक्ति के अमर प्रतीक “वंदे मातरम” की 150वीं वर्षगांठ इस बार ऐतिहासिक अंदाज में मनाई जाएगी। इस अवसर पर बलरामपुर जिले में चार चरणों में ग्राम पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक विविध सांस्कृतिक और राष्ट्रभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रमों की श्रृंखला का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाएगा। 7 नवम्बर 2025 को सुबह 10 से 11 बजे तक होने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दूरदर्शन के माध्यम से सभी शासकीय कार्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में किया जाएगा। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद वंदे मातरम का सामूहिक गायन भी होगा, जो इस अवसर का मुख्य आकर्षण रहेगा।

जिला बलरामपुर कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के मार्गदर्शन में बलरामपुर जिले में भी पहला चरण 7 से 14 नवम्बर 2025 तक मनाया जाएगा। इसके बाद दूसरा चरण 19 से 26 जनवरी 2026, तीसरा चरण 7 से 15 अगस्त 2026, और चौथा चरण 1 से 7 नवम्बर 2026 तक आयोजित होगा।
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर को नोडल अधिकारी और अपर कलेक्टर आर.एन. पाण्डेय को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
पहले चरण के तहत संयुक्त जिला कार्यालय भवन के सभाकक्ष में 7 नवम्बर को सुबह 10 बजे विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी और आमजन वंदे मातरम के स्वर में राष्ट्रप्रेम का संकल्प लेंगे।
“वंदे मातरम” की गूंज से गूंजेगा बलरामपुर — राष्ट्रभक्ति के सुर में झूमेगा हर दिल!














