भारत tv24×7 न्यूज चैनल रिपोर्टर – सैफ अली
बलरामपुर/शंकरगढ़ 22 अगस्त 2025 – प्राथमिक शाला कंजिया के प्रधान पाठक हीरालेआस टोप्पो का डंडा अब उन्हें सलाखों के पीछे ले गया है। 55 वर्षीय प्रधान पाठक पर आरोप है कि उन्होंने महज दूसरी कक्षा में पढ़ने वाली 7 वर्षीय मासूम छात्रा ललिता यादव को डंडे से बेरहमी से पीट दिया। डंडे की चोट सीधी बच्ची की जांघ पर लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे संजीवनी अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराना पड़ा।
घटना की जानकारी सामने आने पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी जय गोविंद तिवारी ने शंकरगढ़ थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध क्रमांक 112/2025 दर्ज कर आरोपी को भारतीय न्याय संहिता की धारा 115 (2) एवं किशोर न्याय अधिनियम 2015 की धारा 75, 82 के तहत गिरफ्तार किया।
विवेचना पूरी होने के बाद आरोपी प्रधान पाठक हीरालेआस टोप्पो को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया है।














