अहेरीपुर–अटसू मार्ग बीते कई वर्षों से अत्यंत जीर्ण–शीर्ण अवस्था में पड़ा हुआ है। लोक निर्माण विभाग की उदासीनता के चलते आज तक इस मार्ग का एक बार भी जीर्णोद्धार नहीं कराया गया। यह महत्वपूर्ण मार्ग इटावा एवं औरैया जनपद के लगभग एक सैकड़ा ग्रामों को जोड़ता है, बावजूद इसके इसकी बदहाली बनी हुई है।

उक्त बातें कांग्रेस जिला अध्यक्ष आशुतोष दीक्षित ने अहेरीपुर–अटसू मार्ग के पुनः जीर्णोद्धार (डामरीकरण) की मांग को लेकर जिलाधिकारी इटावा को संबोधित एक ज्ञापन में कही। उन्होंने बताया कि मार्ग की खराब स्थिति के कारण आम जनता, राहगीरों एवं वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जिससे आवागमन लगभग बाधित हो जाता है।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने जिलाधिकारी से आग्रह किया कि बरसात से पूर्व अहेरीपुर–अटसू मार्ग का पुनः निर्माण (डामरीकरण) कराया जाए, जिससे क्षेत्रीय जनता को राहत मिल सके और लोग बिना किसी कष्ट के अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
इस अवसर पर ज्ञापन देने वालों में प्रमुख रूप से शहर अध्यक्ष मोहम्मद राशिद, पूर्व शहर अध्यक्ष पल्लव दुबे, मैनपुरी कोऑर्डिनेटर करण सिंह राजपूत, पीसीसी सदस्य प्रशांत तिवारी, अरुण यादव (पीसीसी सदस्य), प्रवक्ता प्रेरणा ज़ुबैरी, जिला सचिव अनुराग कर्ण, ब्लॉक अध्यक्ष राहुल दीक्षित, प्रदीप कुमार द्विवेदी, ब्लॉक अध्यक्ष रणवीर सिंह यादव, अमन तिवारी एवं दिनेश सिंह सहित अनेक कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।












